दरभंगा। दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में सोमवार की रात करीब दर्जन भर हथियारबंद बदमाशों ने जन वितरण प्रणाली दुकानदार समेत दो घरों में दस लाख से अधिक की संपत्ति लूट ली। घटनास्थल से महज पांच सौ गज की दूरी पर ब्रह्मपुर पुलिस पिकेट है, जहां पुलिस बल की तैनाती रहती है।
इसके बावजूद पुलिस रात में मौके पर नहीं पहुंची। मंगलवार की सुबह गृहस्वामियों ने शोरगुल किया तो अन्य ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर कमतौल थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
जानकारी के अनुसार, कुछ नकाबपोश बदमाश जनवितरण प्रणाली के विक्रेता राजमंगल ठाकुर के घर के दक्षिण दिशा में बांस रखकर उसके सहारे छत पर चढ़े और छत पर खुले दरवाजे से घर में घुस गए। इसके बाद गृहस्वामी राजमंगल ठाकुर को अपने कब्जे में ले लिया। मेन गेट खोलकर अन्य बदमाशों को अंदर बुला लिया। उनके घर से तीन लाख नकदी और सात लाख के स्वर्णाभूषण लूट लिया।
यहां करीब एक घंटे तक बदमाशों ने उत्पात मचाया। राजमंगल ठाकुर व उनके स्वजन को कमरे में बंद कर दिया। शोरगुल करने पर जान से मार देने की धमकी दी। सभी बदमाश क्षेत्रीय भाषा में बात कर रहे थे। उनकी उम्र 25 से 35 वर्ष के आसपास रही होगी।
Bihar: कुख्यात नक्सली प्रमोद मिश्रा और जगदीश मास्टर के घर NIA का छापा, छत्तीसगढ़ तक दिखा एक्शन
इसके बाद पड़ोस के किसान अवधेश ठाकुर के घर में भी छत के सहारे बदमाश घुस गए। आलमीरा, पेटी, बक्सा आदि तोड़कर लूटपाट की। वृद्ध अवधेश ठाकुर ने बताया कि वह दरवाजे पर कमरे में रहते हैं। उनकी पुत्रवधू घर में रहती है। सोमवार की रात पुत्रवधू एक रिश्तेदार के मांगलिक कार्य में शामिल होने के लिए गांव से बाहर गई थी। पुत्रवधू के आने के बाद लूट की राशि व सामान की जानकारी हो सकेगी।