पटना। राजधानी समेत प्रदेश में प्रचंड गर्मी के साथ लू का सितम जारी है। राजधानी पटना का बुधवार को अधिकतम तापमान राजस्थान के जैसलमेर से अधिक दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजस्थान के जैसलमेर को 35.7 डिग्री।
इसके साथ ही, राज्य में 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा प्रदेश का सबसे गर्म रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले दो दिनों तक पटना समेत प्रदेश के 15 जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी।
वहीं, इसके बाद पछुआ की जगह पुरवा का प्रवाह होने से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने से तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट आने से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। पटना समेत प्रदेश के 17 शहरों के पूर्णिया, वाल्मीकि नगर, सुपौल, फारबिसगंज, सबौर, डेहरी, मोतिहारी, शेखपुरा, जमुई, भोजपुर, वैशाली, खगड़िया, बांका, कटिहार, नवादा, हरनौत और सहरसा के अगवानपुर में लू की लहर चली।
इस दौरान हवा की गति 10-20 किमी प्रतिघंटा और कुछ स्थानों पर झोंके के साथ 30 किमी प्रतिघंटा रही। लू के प्रभाव से लोग घरों में दुबके रहे।
इधर, भीषण गर्मी से संजय गांधी जैविक उद्यान और पार्कों में पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। मंगलवार और बुधवार को औसतन तीन हजार दर्शक पहुंचे। पिछले रविवार को दर्शकों की संख्या दस हजार थी। औसतन सात हजार दर्शक आते हैं।
जैविक उद्यान आने वालों की संख्या आधे से भी कम हो गई है। राजधानी वाटिका में भी दर्शकों की संख्या कम हो गई है। मंगलवार को 1,200 तो बुधवार को एक हजार लोग भ्रमण के लिए पहुंचे।
भीषण गर्मी से बचाव के लिए सीएम को लिखा पत्र
अखिल भारतीय बाढ़, सुखाड़ और कटाव पीड़ित संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामभजन सिंह यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भीषण गर्मी से बचाव के लिए पत्र लिखा है।
मोर्चा ने मांग की कि पटना सहित सभी नगर निकाय के चौक चौराहों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों के मुख्य गेट सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पानी, भींगा चना, सत्तू, नींबू पानी, गुड़, शरबत के साथ पानी पिलाने की व्यस्था भी कराई जाए।
राहगीरों के लिए प्याऊ की करवाई व्यवस्था
राहगीरों को भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशानी नहीं होगी। नगर निगम की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतिभा सिन्हा ने जिलाधिकारी को बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर प्रत्येक वार्ड में प्याऊ की व्यवस्था कराई गई है। पाटलिपुत्र अंचल के सभी 16 वार्डों में दो-दो स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि बांकीपुर बस पड़ाव में दो स्थानों पर वाटर कूलर और एक स्थान पर पंखा सहित यात्री शेड का निर्माण कराया है। बता दें कि पटना मेट्रो के कार्य चलने के कारण बस पड़ाव के अगला हिस्सा प्रभावित है।