मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले में बेखौफ हो चुके बदमाशों ने सोमवार को दिन-दहाड़े शहर के अतिव्यस्त छतौनी थानाक्षेत्र के वार्ड संख्या-सात के मठिया डीह मोहल्ले में अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए छतौनी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में मारे गए युवक की पहचान मुजफ्फरपुर के प्रिंस कुमार के रूप में की गई।
बदमाश दो बाइक पर सवार थे, उनकी संख्या चार थी। तीन के हाथ में पिस्टल थी। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल की नौ गोलियां बरामद की हैं। घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने पूरे मामले की जांच की। प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी लेने के बाद बदमाशों की खोज में पुलिस की विशेष टीम को लगाया है। शहर के सभी संदिग्ध ठिकानों को खंगाला जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना गैंगवार की है। हालांकि, पुलिस फिलहाल इसे जांच का विषय बता रही है।
बताया गया कि सोमवार की दोपहर करीब साढ़े तीन मठिया मोहल्ला स्थित के एक पान दुकान पर सात से आठ लोग खड़े थे वे। सभी पान व सिगरेट खा-पी रहे थे, जिनमें कुछ आपराधिक चरित्र के लोग भी शामिल थे। इसी बीच बाइक सवार चार नकाबपोश अपराधी वहां आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा निवासी राजकुमार पासवान के पुत्र प्रिंस कुमार की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गई। वो यहां अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने बरकुरवा आया था। घायलों में मठिया डीह निवासी देवा साह नामक एक आपराधिक प्रवृत्ति के युवक के अलावा, यश प्रकाश, शिकारगंज के चमही के राजा उर्फ विराट पटेल व मुफस्सिल थाना के बरकुरवा निवासी मो. मेराज व यश प्रकाश शामिल हैं।
बताया गया है कि मठिया डीह निवासी देवा साह पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, उसका कई लोगों से विवाद भी है। इसी क्रम में रविवार की शाम पटपरिया के कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हुआ था। पटपरिया के युवक चार की संख्या में दो बाइक पर आए और अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक निर्दोष की मौत हो गई। वहीं, पांच अन्य गंभीर रूप से जख्मी हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
फायरिंग में मुजफ्फरपुर के एक युवक की मौत हुई है। पांच लोग जख्मी हैं, उनमें एक आपराधिक चरित्र का व्यक्ति देवा साह है। प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है। बदमाशों की खोज में पुलिस छापेमारी कर रही है। गैंगवार के बिंदु पर भी जांच की जा रही है। – कांतेश कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)