Bihar Weather Today: बिहार में बीते कुछ दिनों से झुलसाने वाली गर्मी का कहर जारी है। मई के अंत में पछुआ के बीच तापमान के चढ़ने का जो सिलसिला शुरू हुआ वो अबतक कायम है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। घर से बाजार तक लोग बेहाल हैं। लगातार बारिश की कमी की वजह से तपिश बढ़ रही है। इससे तापमान असहनीय होता जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी पटना समेत 8 जिलों में भीषण हीटवेव और अन्य 8 में हीटवेव चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले एक-दो दिन अधिकतम तापमान से विशेष राहत के आसार नहीं है। ऐसे में लोगों से दोपहर में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पटना, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, भोजपुर, शेखपुरा, बेगूसराय, खगड़िया, नालंदा और बांका में भीषण लू चलने की आशंका है। वहीं, भागलपुर, सुपौल, जमुई, कटिहार, नवादा, सीवान, औरंगाबाद और जमुई में भी हीटवेव के हालात बन सकते हैं। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी भागों में लू का असर बना रहेगा। वहीं, उत्तरी भागों में वर्षा की आंशिक गतिविधियां बने होने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
अगले तीन दिनों के बाद तापमान में आंशिक गिरावट आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पूर्व बिहार के अररिया, पूर्णिया, किशनगंज में हल्की वर्षा की संभावना है। 11 जून से 13 जून के दौरान उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व भागों में वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।
उत्तर बिहार का मौसम
मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार में अगले दो दिनों तक हीट वेव की स्थिति रहने के बाद बारिश के आसार हैं। बारिश होने के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। बारिश के दौरान तेज हवा भी चल सकती है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा की ओर से शुक्रवार को पूर्वानुमान जारी किया गया। बताया गया है कि हल्के बादल छाए रह सकते हैं। 10 और 11 जून को हीट वेव की स्थिति रहेगी। इसके बाद कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
पूर्वी बिहार में मौसम का हाल
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र पूर्वी बिहार एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव के किशनगंज एवं अररिया में शनिवार को बारिश होने का अनुमान है, बाकी पूरा पूर्वी बिहार व कोसी-सीमांचल के जिलों में भीषण गर्मी पड़ेगी। वहीं शनिवार को भागलपुर, कटिहार, सुपौल, अररिया, खगड़िया में भीषण लू चलने की आशंका है तो सहरसा, बांका, पूर्णिया में लू चलेगी। रविवार से 14 जून के बीच जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है। इस दौरान आठ से 14 किमी प्रतिघंटे की औसत रफ्तार से पछुआ चलेगी तो वहीं शनिवार से तापमान में कमी आने की संभावना है।