बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक हैरान करने वाली और खुशी भरी खबर सामने आई है। जिले के बाजापट्टी थाना क्षेत्र के सड़वाड़ा गांव की रहने वाली रूबी कुमारी ने एकसाथ 4 बच्चों को जन्म दिया है, जिससे पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया है। यह अनोखी घटना निजी नर्सिंग होम में घटित हुई, जहां रूबी ने तीन पुत्रों और एक पुत्री को जन्म दिया।
पहली बार बनीं मां, चार बच्चों का एक साथ जन्म
रूबी और उनके पति रमेश कुमार के लिए यह खुशी का मौका और भी खास है क्योंकि शादी के 4-5 साल बाद उनकी कोई संतान नहीं थी। जब रूबी को अचानक तेज पेट दर्द हुआ, तो उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड किया, जिसमें पता चला कि रूबी के पेट में एक से अधिक बच्चे हैं। इसके बाद उसे प्रसव के लिए लेबर रूम में ले जाया गया।
सभी स्वस्थ, डॉक्टर भी हैरान
डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन के बाद सबसे पहले एक बच्ची को जन्म दिलाया, जिसके बाद लगातार तीन और बच्चों का जन्म हुआ। डॉक्टरों के अनुसार, जच्चा और चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस अद्भुत प्रसव के बाद डॉक्टरों के चेहरे पर भी संतोष और खुशी की झलक देखने को मिली।
इस घटना के बाद इलाके में यह चर्चा का विषय बन गया है। लोग इसे कुदरत का करिश्मा मान रहे हैं और परिवार को बधाई दे रहे हैं।