छातापुर (सुपौल) विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) द्वारा मंगलवार को छातापुर मुख्यालय के रामपुर स्थित पार्टी कार्यालय में भव्य विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संतोष सहनी का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। साथ ही, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छातापुर विधानसभा के नेता श्री संजीव मिश्रा ने भी पार्टी पदाधिकारियों को बुके देकर सम्मानित किया।
सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री संजीव मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के हाथों को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि छातापुर विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन लाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। जब तक इस क्षेत्र में बदलाव नहीं होगा, तब तक विकास संभव नहीं है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र की समृद्धि तभी संभव होगी जब सही नेतृत्व और संगठित प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि छातापुर विधानसभा-45 क्षेत्र में बदलाव के लिए सभी को कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी सुप्रीमो एवं पूर्व मंत्री श्री मुकेश सहनी के नेतृत्व में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वीआईपी पार्टी इस क्षेत्र को शिक्षित, विकसित और समृद्ध बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस कार्यकर्ता सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संतोष सहनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री संजीव मिश्रा, सुपौल जिला अध्यक्ष विजेंद्र मुखिया, जिला उपाध्यक्ष उमेश सहनी, छातापुर प्रखंड अध्यक्ष शंभु मुखिया, विधानसभा प्रवक्ता विकास कुमार मंडल, विनय मंडल, विधानसभा प्रभारी राजकुमार मुखिया, प्रखंड संयोजक मोनू मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंच संचालन विकास कुमार मंडल ने किया।
इसके अलावा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजन चमन, ब्रह्मदेव सहनी (जिला प्रवक्ता, सहरसा), मनोज मुखिया, हरिशंकर यादव, सदानंद मंडल, अंगद कुमार, बलराम यादव, महानंद सहनी, गोपीकृष्ण राय, प्रमोद यादव, विनोद सहनी, सोनू झा सम्राट, संजय मुखिया, हरी मिश्रा, ताराचंद मुखिया, पिंटू सहनी तथा महिला विंग की बिजली देवी और बबीता देवी भी सम्मेलन में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया। सम्मेलन के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे और छातापुर विधानसभा क्षेत्र में विकासशील इंसान पार्टी की जीत सुनिश्चित करेंगे।