Tejashwi Yadav: बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के घर में जल्द ही खुशियों का माहौल फिर से बनने वाला है। खबर है कि उनकी पत्नी राजश्री यादव एक बार फिर से मां बनने वाली हैं। इस नई खुशखबरी के बाद लालू यादव और राबड़ी देवी बेहद प्रसन्न हैं। तेजस्वी और उनकी पत्नी के लिए यह दूसरा बच्चा होगा। 2023 में तेजस्वी पहली बार एक बेटी के पिता बने थे, जिसने पूरे परिवार में उत्सव का माहौल बना दिया था।
आरजेडी सूत्रों के अनुसार, राजश्री इन दिनों कोलकाता में आराम कर रही हैं। तेजस्वी यादव अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के बाद जल्द ही अपनी पत्नी के पास कोलकाता जाने वाले हैं। खबर है कि वह इस बार न्यू ईयर का जश्न कोलकाता में अपनी पत्नी के साथ मनाएंगे। तेजस्वी ने पहले भी अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों और राजनीतिक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखा है, और इस बार भी उनकी प्राथमिकता अपने परिवार के साथ समय बिताना है।
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने तीन साल पहले, 9 दिसंबर 2021 को अपनी स्कूल फ्रेंड राजश्री से शादी की थी। यह शादी दिल्ली के साकेत में उनकी बहन मीसा भारती के फार्महाउस में संपन्न हुई थी। परिवार और पार्टी के सदस्यों ने इस शादी को बड़े धूमधाम से मनाया था।
अब, लालू यादव के परिवार में एक और नए सदस्य के आने की खबर से सभी बेहद उत्साहित हैं। पूरे परिवार और समर्थकों को उम्मीद है कि इस बार परिवार में बेटे का स्वागत होगा। तेजस्वी और राजश्री के लिए यह एक खास और खुशी भरा समय है।