SHEKHPURA: मोबाइल किस कदर बच्चों के दिमाग में जहर घोल रहा है इसकी बानगी बिहार के शेखपुरा जिले में सामने आई है। यहां कम उम्र के बच्चों ने जिस तरह से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है, वह स्तब्ध करने वाली है। यहां नौ साल की दो बच्चियों के साथ छह बच्चों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपित लड़कों की उम्र नौ से 12 वर्ष के बीच है। घटना बरबीघा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ा है। पकड़े गए बच्चों ने बताया कि मोबाइल में देखकर उनलोगों ने इस तरह का काम किया है। इस बाबत एक पीड़ित बच्ची की दादी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इसमें बताया है कि उनकी नौ वर्षीय पोती अपनी हमउम्र सहेली के साथ बथुआ साग तोड़ने गई थी। वहां से जब पोती लौटकर आई तो उसकी हालत देखकर सभी सन्न रह गए। वह रो रही थी। उसने बताया कि छह लड़कों ने उसके और सहेली के साथ खेत में गंदा काम किया। इसके बाद मुझे तीन रुपये और सहेली को पांच रुपये दिए। उनमें से एक लड़का पड़ोस का था। जब शिकायत करने उसके घर गई तो उसके स्वजनों ने गालीगलौज कर भगा दिया।
रात अधिक होने के कारण थाने नहीं गई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद गांव के लोगों ने दो लड़कों को पकड़ा। तब उन्हें लेकर थाने पहुंची। थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दो बच्चे पुलिस अभिरक्षा में हैं। उन्होंने बताया कि आरोपित लड़कों ने बताया कि मोबाइल पर गंदी फिल्में देखकर उनलोगों ने यह किया है। लड़कियों की मेडिकल जांच कराई जाएगी। अन्य आरोपितों की खोजबीन की जा रही है।