मोतिहारी: शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रघुनाथपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी शराब तस्कर विकास सहनी को नदी में खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मझरिया का कुख्यात शराब धंधेबाज विकास सहनी, जो शंभू सहनी का पुत्र है, अवैध शराब की सप्लाई में सक्रिय है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। खुद को फंसता देख विकास सहनी भागने की कोशिश करने लगा और नदी के रास्ते बच निकलने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे नदी में खदेड़कर दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, विकास सहनी लंबे समय से शराब तस्करी के धंधे में लिप्त था और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। बिहार सरकार की शराबबंदी नीति के तहत वह फरार चल रहा था, जिस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
रघुनाथपुर पुलिस ने विकास सहनी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी को प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।