डेस्क: राजधानी पटना के धनरुआ निवासी युवक व उसके परिवालों पर यूपी के बरेली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप लगाया है कि अंतरजातीय विवाह के बाद वर पक्ष के लोग 40 लाख रुपये व कार की मांग कर रहे हैं। इसके लिए प्रताड़ित कर रहे हैं और दूसरी शादी की धमकी दे रहे हैं। महिला ने पति निशांत चंद्र, सौली सिन्हा, नमिता चंद्रा, राजेश कुमार व तन्नू पर मामला दर्ज कराया है। एससी-एसटी एक्ट, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
2017 में हुई थी दोनों की शादी
बरेली के इज्जतनगर रोड नंबर सात की रहने वाली चित्रा उर्फ चंचल ने प्राथमिकी में बताया है कि पटना के निशांत चंद्र से उनकी शादी 16 मई 2017 को हुई थी। यह अंतरजातीय विवाह था। शुरुआत में उनकी जिंदगी अच्छे से बीत रही थी। वे महानगर उत्सव कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगे।
पिछले वर्ष उनके भाई की शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए निशांत के परिवार के लोग भी यूपी आए। यहां उनके तेवर बदले हुए थे। कहा कि निशांत की शादी में दहेज नहीं दिया। अब 40 लाख रुपये और कार चाहिए। यह सुनकर मायके लोग हक्का-बक्का रह गए। लेकिन परिवार के लोगों की बातों में निशांत भी सुर मिलाने लगा। उसने यहां तक कह दिया कि यदि दहेज के पैसे और कार नहीं दिए तो वह दूसरी शादी कर लेगा।
इधर बीते 17 फरवरी को चित्रा देवी के मोबाइल पर किसी महिला का कॉल आया। उसने अपना नाम तन्नू बताया। कहा कि वह निशांत की पत्नी है। यह सुनकर वह सन्न गई। जब पति से पूछा तो कुछ जवाब देने के बजाए वह प्रताड़ित करने लगा। इसके बाद घर छोड़कर चला गया। पीड़िता ने थाने में गुहार लगाई लेकिन वहां सुनवाई नहीं होने पर आइजी रमित वर्मा के पास गई। इसके बाद एफआइआर हुई।