छातापुर (सुपौल): छातापुर प्रखंड के रामपुर स्थित लालपुर गांव में आगामी 1 मार्च, शनिवार को शाम 5 बजे से भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की जानकारी पनोरमा ग्रुप के प्रबंध निदेशक एवं विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने दी। गुरुवार को वे आयोजन स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्होंने बताया कि छातापुर में पहली बार इतने भव्य स्तर पर महाआरती का आयोजन किया जा रहा है।
संजीव मिश्रा ने कहा कि इस कार्यक्रम में हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और बनारस से कई विद्वान पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि छातापुर उनका पैतृक गांव है और यहां की मिट्टी से उनका गहरा नाता है। वे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और खेल के क्षेत्र में विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को एकता का संदेश देंगे और सनातन संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान श्री राम सेवा संघ के राणा प्रताप सिंह, श्री राम सेवा संघ (पूर्णिया) के मुरारी सिंह, विकास कुमार, रवि दास, मोनू मिश्रा, शुभम वर्मा, कोशी आलोक प्रोडक्शन हाउस के सुनील सुमन, प्रकाश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस महाआरती को सफल बनाने के लिए अपने योगदान की प्रतिबद्धता जताई।
आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोग बढ़-चढ़कर तैयारियों में लगे हुए हैं। महाआरती में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बनेगा।